हाथ-पैर बांधकर गला घोंटा, मुंह में कपड़ा ठूंसा… हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में थे बंद
13जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। चार बाल अपचारियों ने चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे (40) की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद गला घोंटकर हत्या कर दी और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बाल अपचारी सुधार गृह से भाग निकले।
मृतक नरेंद्र कुमार खांडे तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव के रहने वाले थे और पिछले एक साल से बाल सुधार गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। परिजनों ने इस घटना को लेकर सुधार गृह प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
फरार आरोपियों में एक की उम्र 20 वर्ष हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल भेजा जाना था। बाकी तीन हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में बाल सुधार गृह में निरुद्ध थे।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।