दंतेवाड़ा, 12 सितंबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेकल्याण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी सुखराम उर्फ डेगो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कटेकल्याण के साप्ताहिक बाजार में घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, थाना कुआकोण्डा के अपराध क्रमांक 12/2004 में धारा 324 भादवि के तहत सुखराम उर्फ डेगो, पिता परदेशी, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी मंझारपारा, ग्राम कटेकल्याण के खिलाफ स्थायी वारंट जारी था। वर्ष 2004 में अपराध घटित होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और करीब 22 वर्षों से गिरफ्तारी से बचता रहा।
11 सितंबर 2026 को कटेकल्याण थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्थायी वारंटी सुखराम उर्फ डेगो कटेकल्याण साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साप्ताहिक बाजार स्थित मुर्गा बाजार के पास घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि लगातार निगरानी और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई सफल हुई। गिरफ्तार आरोपी को 12 सितंबर 2026 को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय, दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आकांक्षा ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी जारी रहेगा।