सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए जगदलपुर से रवाना हुआ श्रद्धालुओं का दल, महापौर संजय पांडे ने दी शुभकामनाएं

जगदलपुर, 22 जून 2026। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होने के लिए जगदलपुर जिले से 22 श्रद्धालुओं का दल रविवार की शाम को रवाना हुआ। यात्रियों के विदाई कार्यक्रम में महापौर श्री संजय पांडे मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जानकर सफल एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

प्रदेशभर से कुल 1007 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जो 22 जून 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना होगी। श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर में दर्शन, पूजन और स्वाभिमान पर्व के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यात्रा के समापन के बाद सभी तीर्थयात्री 26 जून 2026 को वापस रायपुर लौटेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, ठहरने और सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

इस अवसर पर महापौर श्री संजय पांडे ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा हमारे सांस्कृतिक गौरव और आध्यात्मिक आस्था का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ से जा रहे श्रद्धालु बाबा सोमनाथ के दरबार में प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। सभी यात्रियों की यात्रा सुरक्षित और सफल हो, यही बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना है।” विदाई कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, यात्रियों के परिजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं को फूल-मालाओं और जयकारों के साथ शुभकामनाएं देकर जिला पंचायत परिसर से रवाना किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *