सदर बाजार में अचानक भरभराकर गिरी जर्जर इमारत, बाल-बाल बचे लोग; निगम ने संभाला मोर्चा

रायपुर 12सितंबर2026/राजधानी रायपुर के सदर बाजार में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित एक पुरानी और जर्जर इमारत का हिस्सा अचानक गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के अनुसार, संबंधित मकान काफी जर्जर हालत में था और इसे लेकर पहले भी नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका था।

इमारत का हिस्सा गिरने के बाद नगर निगम की टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस की तैनाती भी की गई है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से भवन के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है, ताकि कंपन या अन्य किसी कारण से जर्जर ढांचे से कोई अतिरिक्त खतरा न हो।

फिलहाल नगर निगम की टीम क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने और इलाके को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *