जगदलपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बारिश का असर बस्तर संभाग में भी दिखाई दे रहा है। जगदलपुर शहर और आसपास के कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण सड़कें और निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जगदलपुर के पंडरीपानी, गणपति रिसॉर्ट क्षेत्र, महारानी अस्पताल धरमपुरा और लालबाग सन सिटी के आसपास बारिश के बाद कई जगहों पर सड़क और वार्डों में पानी भरने की स्थिति सामने आई है। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और कई स्थानों पर सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई है। उपलब्ध मौसम आंकड़ों के मुताबिक जगदलपुर में 75 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि कोंटा में 80 मिमी, तोंगपाल और छिंदगढ़ में 70-70 मिमी तथा बास्तानार में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
आगे भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 सितंबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 26 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 27 और 28 सितंबर को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
जगदलपुर में लगातार बारिश के कारण जलभराव वाले इलाकों में स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। निचले इलाकों में पानी की निकासी नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।