छत्तीसगढ़ में बारिश का बड़ा अलर्ट: बस्तर के कई जिलों में आज अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी, 27 सितंबर तक जारी रहेगा दौर

जगदलपुर 24 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम केंद्र रायपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 27 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा असर की संभावना
बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद 25 सितंबर को भी इन इलाकों में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है। 26 और 27 सितंबर को बारिश की तीव्रता कम होकर हल्की से मध्यम रहने की संभावना है। कोंडागांव और कांकेर में भी 24-25 सितंबर को भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

रायपुर संभाग में भी तेज बारिश
रायपुर में 24 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। गरियाबंद और धमतरी में आज भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है। महासमुंद में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

दुर्ग संभाग में 25 सितंबर को बढ़ेगी बारिश
दुर्ग और बालोद में 24 व 25 सितंबर को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और राजनांदगांव में 25 सितंबर को भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 24 और 25 सितंबर को भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

बिलासपुर संभाग के कई जिलों में बारिश
मुंगेली में 25 सितंबर को मध्यम से भारी और 26 सितंबर को भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 25 से 27 सितंबर तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। बिलासपुर में 25 और 26 सितंबर को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

सरगुजा संभाग में भी बारिश का दौर
कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 27 सितंबर को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में 24 से 27 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश का असर बना रहेगा। खासकर बस्तर संभाग समेत कुछ जिलों में आज और 25 सितंबर को भारी बारिश को लेकर विशेष सतर्कता की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *