नानगुर में सेवा सेतु शिविर: 235 आवेदनों का मौके पर निराकरण, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

जगदलपुर, 03 अक्टूबर 2026। नानगुर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय विशेष सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और आवेदनों का मौके पर निराकरण2अक्टूबर  को किया गया। शिविर में कुल 235 आवेदनों का निराकरण हुआ। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के अंतिम छोर तक विकास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भावना पर आधारित ‘नमो सेवा गाथा’ का मंचन भी किया गया।

सांसद ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक सहित अन्य दस्तावेजों और तकनीकी समस्याओं का समाधान शिविर में ही करने पर जोर दिया। उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र ग्रामीणों का पंजीयन सुनिश्चित करने की बात कही।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार हितग्राहियों को नए आवासों की चाबी सौंपी गई। कृषि विभाग ने 10 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रमाण पत्र प्रदान किए। शिक्षा विभाग द्वारा राज्य स्तरीय टैलेंट तिहार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं मुस्कुराता बस्तर स्पर्धा के तीन बच्चों को पांच-पांच हजार रुपये की सम्मान निधि प्रदान की गई।

राजस्व विभाग ने पांच किसानों को भू-अधिकार अभिलेख तथा पांच किसानों को खसरा-बी-वन नकल उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चार हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम मनीष वर्मा, उप संचालक पंचायत बिरेन्द्र बहादुर सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *