एसआईआर के तहत मतदाता सूची शुद्धिकरण की समीक्षा, भारत निर्वाचन आयोग ने जगदलपुर में किया निरीक्षण

जगदलपुर, 16 जनवरी 2026/
मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर  मनीष गर्ग ने शुक्रवार को जगदलपुर में मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दावा-आपत्ति के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया और आवेदकों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का गहन परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के प्रमुख सचिव  अरविंद आनंद तथा छत्तीसगढ़ राज्य के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी  भोस्कर विलास संदीपन भी उपस्थित रहे। आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दल ने सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय एवं तहसील कार्यालय जगदलपुर का निरीक्षण कर मौके पर चल रही दावा-आपत्ति निराकरण प्रक्रिया का अवलोकन किया।
सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर  गर्ग ने ईआरओ एवं डीईओ लॉगिन के माध्यम से दावा-आपत्ति प्रकरणों में अपलोड किए गए दस्तावेजों की जांच की और उनके सत्यापन की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने दस्तावेज अपलोड, जांच और निराकरण की संपूर्ण कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  हरिस एस, एसडीएम  ऋषिकेश तिवारी एवं तहसीलदार राहुल गुप्ता उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोग के दल को प्राप्त दावा-आपत्तियों की स्थिति, निराकरण की प्रगति तथा अपनाई जा रही प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
आयोग के अधिकारियों ने मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए दस्तावेज सत्यापन एवं दावा-आपत्ति निराकरण की प्रक्रिया को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *