जगदलपुर- बस्तर अंचल में रेलवे सुविधाओं के विस्तारीकरण और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की मांग को लेकर जनता कांग्रेस के संभागीय अध्यक्ष एवं बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के प्रमुख संयोजक नवनीत चांद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे जोन के डीआरएम से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर नवनीत चांद ने कहा कि बस्तर क्षेत्र से प्रतिवर्ष भारी मात्रा में लौह अयस्क की ढुलाई होने के बावजूद यात्री सुविधाओं के विकास में क्षेत्र की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर को सिर्फ खनिज आपूर्ति का केंद्र न मानते हुए यहां की जनता को भी आधुनिक और बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से किरंदुल–विशाखापट्टनम पैसेंजर एवं हिराखंड एक्सप्रेस के फेरों में वृद्धि, रावघाट रेल परियोजना के द्वितीय चरण को शीघ्र प्रारंभ करने, नई रेल लाइनों के निर्माण, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विस्टाडोम ट्रेन संचालन, तथा क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशनों को सर्वसुविधायुक्त बनाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन बस्तर की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।
इस दौरान जनता कांग्रेस एवं बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रेलवे सुविधाओं के विस्तार को लेकर बस्तर की आवाज़, डीआरएम को सौंपा गया मांगों का ज्ञापन