जगदलपुर, 16 जनवरी 2026/
नगर निगम जगदलपुर ने प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग, भंडारण और विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हजार सत्रह किलोग्राम (1017 किग्रा) पॉलिथीन जब्त की है। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग और पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
संयुक्त टीम ने शहर के ज्योति प्लास्टिक प्रतिष्ठान में छापेमारी की, जहाँ भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन का भंडारण पाया गया। जब्त की गई पॉलिथीन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक विजय सिंह यादव के विरुद्ध नियमानुसार 30 हजार रुपये का अर्थदंड आरोपित किया गया और संपूर्ण जब्त सामग्री को विधिवत कब्जे में लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान के तहत की गई है। निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान आगे भी सतत और सख्ती से जारी रहेगा। भविष्य में यदि कोई भी व्यापारी इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध छापेमारी के साथ-साथ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम जगदलपुर ने सभी व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग, भंडारण और विक्रय न करें तथा पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाएँ। साथ ही निगम ने नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि कहीं प्रतिबंधित पॉलिथीन का विक्रय किया जा रहा हो, तो इसकी सूचना नगर निगम को दें—सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।