कवर्धा मेडिकल कॉलेज में पहले बैच की पढ़ाई शुरू, छात्रों से बोले विजय शर्मा—‘डॉक्टर बनना मंजिल नहीं, समाज सेवा असली लक्ष्य’

कवर्धा, 16 सितंबर 2026। कबीरधाम जिले की चिकित्सा शिक्षा के इतिहास में बुधवार को नया अध्याय जुड़ गया। शासकीय मेडिकल कॉलेज कवर्धा में प्रथम शैक्षणिक सत्र और पहले बैच की पढ़ाई का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का एप्रॉन, स्टेथोस्कोप, पेन और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर बनना ही अंतिम लक्ष्य नहीं होना चाहिए। चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य डॉक्टर बनकर समाज के लिए बेहतर काम करना और जरूरतमंदों की सेवा करना होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, लगातार तैयारी जारी रखने और अनावश्यक तनाव से बचने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल छात्रों से सीधे संवाद भी किया और उनकी तैयारी, पढ़ाई की दिनचर्या, कोचिंग तथा प्रवेश परीक्षा के अनुभव जाने। विद्यार्थियों ने बताया कि किसी ने ऑनलाइन कोचिंग से तो किसी ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन के जरिए तैयारी कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हासिल किया।

संवाद में छात्रों ने अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं। राजनांदगांव की अतिथि देवांगन ने बताया कि वह दूसरे प्रयास में सफल हुईं और उनके पिता ने उन्हें लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं कवर्धा के धरमपुरा निवासी आकाश धुर्वे ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन के जरिए तैयारी की। भिलाई की हर्षिता तीसरे प्रयास में सफल हुईं।

विद्यार्थियों ने बताया कि वे प्रतिदिन करीब 8 घंटे किताबों से और 3 से 4 घंटे डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से पढ़ाई करते थे। कुछ छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं के चलते स्क्रीन टाइम 7 से 8 घंटे प्रतिदिन तक रहा।

सांसद संतोष पाण्डेय और कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश सफलता का अंत नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में संवेदनशीलता और सेवा भाव को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. प्रतिभा जैन शाह, सीएमएचओ डॉ. देवेंद्र तूरे सहित जनप्रतिनिधि और चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *