फर्जी दस्तावेजों से CISF में नौकरी, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा का फर्जी निवास और आय प्रमाण पत्र बनवाकर भर्ती में किया था इस्तेमाल

दंतेवाड़ा, 21 सितंबर 2026। फर्जी दस्तावेजों के जरिए CISF में नौकरी हासिल करने के मामले में दंतेवाड़ा पुलिस ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी सत्यम दीक्षित ने कथित रूप से दंतेवाड़ा जिले का फर्जी निवास एवं आय प्रमाण पत्र प्राप्त कर CISF भर्ती प्रक्रिया में इनका इस्तेमाल किया था।

पुलिस के मुताबिक, दस्तावेजों के आधार पर आरोपी CISF में भर्ती होकर राजस्थान के देवली में नौकरी कर रहा था। प्रमाण पत्रों की राजस्व अधिकारियों और तहसील कार्यालय से जांच कराए जाने पर प्रस्तुत दस्तावेजों की सत्यता संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिलने पर सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा की पुलिस टीम ने देवली, राजस्थान से सत्यम दीक्षित को गिरफ्तार किया। विधिसम्मत कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और प्रमाण पत्र हासिल करने में अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं। जांच में संलिप्तता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी या किसी शासकीय लाभ के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल न करें। ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *