भाटापारा 13नवंबर2026/छत्तीसगढ़ के भाटापारा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम खपराडीह के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन युवक सवार थे। तीनों भाटापारा के ग्राम आलेसुर के निवासी बताए जा रहे हैं। ट्रक से बाइक की टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।