निठारी कांड में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने लगाई फांसी, हरिद्वार में चाय की दुकान के बाहर मिला शव

18सितम्बर 2026/

हरिद्वार में बहुचर्चित निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह वह भूपतवाला क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने अपनी चाय की दुकान के बाहर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसने करीब तीन दिन पहले ही यहां चाय की दुकान शुरू की थी।

सूचना मिलने के बाद सप्तऋषि पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है और पारिवारिक क्लेश को संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

सुरेंद्र कोली मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र का रहने वाला था। वह पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था।

निठारी कांड में 2025 में हुआ था बरी
नोएडा के चर्चित निठारी कांड में सुरेंद्र कोली को कई मामलों में दोषी ठहराकर मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था, जिसके बाद उसे जेल से रिहा किया गया था। निठारी कांड दिसंबर 2006 में सामने आया था, जब नोएडा के सेक्टर-31 स्थित डी-5 कोठी के पास बच्चों के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई थी।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *