रायपुर, 16 सितंबर 2026। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा क्षेत्र के लोगों से उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने एम्स रायपुर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
उप मुख्यमंत्री ने एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी घायलों के उपचार को लेकर चर्चा की। उन्होंने घायलों की वर्तमान स्थिति, चल रहे इलाज और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान विजय शर्मा ने ग्राम बांधाटोला निवासी पांच वर्षीय लुकेश पटेल, दो वर्षीय डाली पटेल और 26 वर्षीय ललिता पटेल से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में सरकार और प्रशासन उनके साथ है।
हादसे के बाद उप मुख्यमंत्री पहले ही कबीरधाम जिले में दिवंगत लोगों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त कर चुके हैं। साथ ही घायलों के परिजनों से संपर्क कर उनके उपचार की जानकारी भी लेते रहे हैं।