पुनर्वासित युवाओं के पुनर्जीवन की दिशा में बड़ी पहल, महारानी अस्पताल में रिकैनालाइजेशन ऑपरेशन शिविर आयोजित

जगदलपुर, 30 मई 2026/ बस्तर में समाज की मुख्यधारा में लौट चुके पुनर्वासित युवाओं के सामाजिक और पारिवारिक पुनर्स्थापन को मजबूती देने के उद्देश्य से महारानी अस्पताल, जगदलपुर में शनिवार को एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

इस विशेष शिविर का आयोजन यूरोलॉजिकल सोसायटी वेस्टर्न ज़ोन तथा एम्स रायपुर के यूरोलॉजिस्ट दल के संयुक्त तत्वावधान में एक चैरिटेबल पहल के रूप में किया गया। शिविर में पुनर्वासित युवाओं के लिए नसबंदी खोलने (रिकैनालाइजेशन) संबंधी स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे उन्हें भविष्य में पारिवारिक जीवन को पुनः सामान्य रूप से आगे बढ़ाने का अवसर मिल सके।

शिविर के दौरान कुल 28 पुनर्वासित युवाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनकी स्थिति का आकलन करने के बाद आगे के ऑपरेशन की प्रक्रिया निर्धारित की। चिकित्सकों के अनुसार यह पहल उन युवाओं के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार करेगी, जिससे वे समाज में सम्मानजनक और स्थिर जीवन की ओर अग्रसर हो सकेंगे।

इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा तथा पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुनर्वासित युवाओं से संवाद कर उन्हें सकारात्मक जीवन जीने, समाज की मुख्यधारा से जुड़े रहने तथा शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान वेस्टर्न ज़ोन यूरोलॉजिकल सोसायटी और एम्स रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा बस्तर में भविष्य में भी ऐसी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

शिविर के सफल संचालन में जिला स्वास्थ्य विभाग, महारानी अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी संजय बसाक, सिविल सर्जन संजय प्रसाद सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *