रायपुर, 7 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक जाने वाली सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपये की मंजूरी प्रदान की है। इस राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने राशि स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। निर्माण सामग्री से लेकर कार्य की गुणवत्ता तक किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग ने निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी करने, खर्च में मितव्ययिता बरतने तथा अनुबंधित अवधि के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही बिना ठोस कारणों के समय-सीमा बढ़ाने से बचने और आवश्यक होने पर नियमों के अनुसार अर्थदंड के साथ ही समय-विस्तार देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सरकार का यह निर्णय क्षेत्रीय विकास, बेहतर सड़क संपर्क और स्थानीय लोगों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। फोरलेन सड़क बनने से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।