एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, वन महोत्सव में हजारों हाथों ने थामा हरियाली का संकल्प

रायपुर, 7 अगस्त 2026।
छत्तीसगढ़ में वन महोत्सव के दौरान चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। बलौदाबाजार वनमंडल के बल्दाकछार वन परिक्षेत्र में आयोजित वन महोत्सव में जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समितियों, स्कूली विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम अर्जुनी (ब) स्थित गौठान में स्थानीय एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूजल स्तर बढ़ाने, स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।

वन महोत्सव के इस आयोजन ने हरित एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में सामुदायिक भागीदारी को नई ऊर्जा देने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *