शहीदों के सम्मान में भाजपा युवा मोर्चा का अभिनव अभियान, परिजनों और रिटायर्ड जवानों को भेंट किया तिरंगा

जगदलपुर, 7 अगस्त। भारतीय जनता युवा मोर्चा, जिला बस्तर ने राष्ट्र की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवानों के परिजनों एवं सेवानिवृत्त सैनिकों से उनके निवास पर जाकर मुलाकात की और उन्हें तिरंगा ध्वज भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने देश की सेवा करने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया।

युवा मोर्चा के सदस्यों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के शहीद जवान देवेंद्र कुमार के ग्राम धोबिगुड़ा स्थित निवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की। इसके अलावा सेवानिवृत्त सेना के जवान ललित जोशी सहित अन्य पूर्व सैनिकों को भी तिरंगा ध्वज भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिलाष यादव ने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवान हमेशा राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनके परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

जिला उपाध्यक्ष आनंद झा ने कहा कि तिरंगा केवल देश की आन, बान और शान का प्रतीक नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान का भी प्रतीक है जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा से जुड़े ऐसे कार्यों में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम में अभिलाष यादव, आनंद झा, विकास पात्रो, सोमप्रकाश जोशी, परेश टाटी, प्राचीन तिवारी, जशवंत जोशी, दीपक पांडे, तनिष्क सिंह सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *