जगदलपुर शहर के बलिराम कश्यप वार्ड में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंद पड़ी फैक्टरी की जमीन से अचानक आग निकलने लगी। इलाके में रहने वाले लोग पहले से ही इस रहस्यमयी घटना से डरे हुए थे, लेकिन मंगलवार सुबह हादसा तब हो गया जब मोहल्ले के चार बच्चे फैक्टरी परिसर में खेलने पहुंच गए। खेलते-खेलते बच्चे उस जगह के करीब पहुंच गए जहां जमीन से तेज गर्मी और आग जैसी लपटें निकल रही थीं। देखते ही देखते बच्चों के पैर बुरी तरह झुलस गए और उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। परिजनों ने तुरंत सभी बच्चों को इलाज के लिए मेकाज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फैक्टरी लंबे समय से बंद पड़ी है और वहां से लगातार गर्म धुआं और आग निकलने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे पूरे वार्ड में दहशत का माहौल है। घटना के बाद फैक्टरी मालिक को भी बुलाया गया है और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। वहीं, परिवार वाले अब बच्चों को उस इलाके में जाने से रोक रहे हैं।
रहस्यमयी आग का खौफ: बंद फै्टरी की जमीन से निकली लपटें, खेलते-खेलते झुलसे चार मासूम