खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: होटलों  में पाई गई गंदगी , रेस्टोरेंट से एक्सपायरी पिज्जा बेस जब्त

बालूशाही और आलू मसाला के नमूने जांच के लिए भेजे गए, खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर तीन प्रतिष्ठानों को नोटिस

जगदलपुर, 18 नवंबर 2026। लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बस्तर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में विभाग ने जगदलपुर के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच और कार्रवाई की।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 17 नवंबर को धरमपुरा नंबर-1 स्थित कैलाश स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से बालूशाही और आलू मसाला के दो खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। निरीक्षण के दौरान दुकान में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए और आगामी आदेश तक स्वीट शॉप को बंद कराया गया।

इसी तरह चित्रकोट रोड स्थित ओड़ियानी रेस्टोरेंट और एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट में 10 पैकेट एक्सपायरी पिज्जा बेस पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान

खाद्य सुरक्षा नियंत्रक एवं आयुक्त के निर्देशानुसार प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी श्रीमती पूनम कुंजाम कांडे के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार नाग और नमूना सहायक नंदकिशोर हिरवानी की संयुक्त टीम ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *