जगदलपुर, 18 नवंबर 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जगदलपुर के मार्गदर्शन में स्वामी आत्मानंद विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिंदी/इंग्लिश मीडियम में 16 और 17 नवंबर को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बच्चों को नशा मुक्ति एवं कल्याण अभियान (डॉन) के तहत नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशे की लत से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सामाजिक पुनर्स्थापन के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) समेत बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। उन्हें लैंगिक अपराध, शोषण और उत्पीड़न से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में जनउपयोगी स्थायी लोक अदालत, जगदलपुर की चेयरमैन उदयलक्ष्मी परमार सहित विद्यालय के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।