बीजापुर, 18 नवंबर 2026। बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया है। पुजारीकांकेर के जंगलों में की गई संयुक्त कार्रवाई में 50 नग बीजीएल सेल बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन ई कंपनी द्वारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान पुजारीकांकेर के जंगल में कुछ संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। जांच और सर्चिंग के दौरान वहां पहले से छिपाकर रखे गए डंप से 50 बीजीएल सेल बरामद हुए।
बरामद सामग्री के संबंध में थाना उसूर में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग और डी-माइनिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि जंगल और अंदरूनी इलाकों में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री का पता लगाया जा सके।
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल या आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छुएं नहीं और तत्काल नजदीकी थाना या सुरक्षा कैंप को इसकी सूचना दें।