चुगली पर लगेगा जुर्माना! छत्तीसगढ़ के इस गांव का अनोखा फैसला, विवाद रोकने उठाया सख्त कदम

बालोद, 20 फरवरी 2026। गलती करने पर जुर्माना लगना आम बात है, लेकिन चुगली करने पर भी आर्थिक दंड देना पड़े—ऐसा अनोखा निर्णय अब चर्चा का विषय बन गया है। जिले के ग्राम मेढ़की के ग्रामीणों ने आपसी विवाद और तनाव को रोकने के लिए सर्वसम्मति से यह अनूठा नियम बनाया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह गांव में आयोजित बैठक में सभी ग्रामवासियों ने एकमत होकर तय किया कि किसी व्यक्ति की बात को दूसरे तक तोड़-मरोड़कर पहुंचाना या जानबूझकर लोगों के बीच गलतफहमी पैदा करना गंभीर सामाजिक समस्या है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति से 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि छोटी दिखने वाली चुगली कई बार बड़े झगड़ों और रिश्तों में दरार की वजह बनती है, इसलिए समय रहते इस पर रोक जरूरी है।
बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सामाजिक या धार्मिक आयोजनों में शराब पीकर पहुंचने वाले व्यक्ति पर भी 5 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाने का प्रावधान किया गया है, ताकि सामुदायिक कार्यक्रमों का वातावरण खराब न हो।
पहले भी ले चुके हैं सामाजिक सुधार के फैसले
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग पांच साल पहले गांव में बढ़ते नशे के चलन पर रोक लगाने के लिए भी सामूहिक निर्णय लिया गया था। उस समय गांव की सीमा में शराब बेचने वालों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया था, जबकि सूचना देने वाले व्यक्ति को 1 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव पारित किया गया था। उस पहल के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले और गांव का माहौल काफी शांत हुआ।
अब चुगली और शराब सेवन पर जुर्माने का नया निर्णय भी सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में ग्रामीणों का सामूहिक प्रयास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *