पंजाब- तरनतारन जिले के उस्मा गांव स्थित एक लॉ कॉलेज में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कॉलेज के एक छात्र ने क्लासरूम में बैठी लॉ की छात्रा संदीप कौर को गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। इस दोहरे हादसे से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब कक्षा शुरू भी नहीं हुई थी। आरोपी छात्र बैग में पिस्टल लेकर कॉलेज आया था। उसने अचानक बैग से पिस्टल निकाली और बेंच पर बैठी संदीप कौर के सिर में गोली मार दी। मौके पर ही छात्रा की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्लासरूम से दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने पिस्टल को भी मौके से जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मां का दर्द:
मृतक छात्रा की मां हरजिंदर कौर ने बताया कि संदीप कौर सुबह बिल्कुल सामान्य तरीके से कॉलेज के लिए घर से निकली थी। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने कहा, “कॉलेज की मैडम ने फोन कर बताया कि बेटी को चोट लगी है, जल्दी आओ। जब मैं कॉलेज पहुंची तो मेरी बेटी की मौत हो चुकी थी। उसका पूरा शरीर खून से सना हुआ था और सिर में गोली लगी थी।”
परिवार ने इस घटना को लेकर न्याय की मांग की है। उल्लेखनीय है कि संदीप कौर के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में छह बहनें और एक छोटा भाई है।
पुलिस का बयान:
मामले की जानकारी देते हुए एसीपी जगबीर ने बताया कि छात्रा बेंच पर बैठी थी और कक्षा शुरू नहीं हुई थी। गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई। आरोपी छात्र ने बाद में खुद को भी गोली मार ली। पुलिस यह जांच कर रही है कि पिस्टल कहां से लाई गई। यह भी देखा जा रहा है कि क्या आरोपी के पिता के पास कोई लाइसेंसी हथियार था या पिस्टल अवैध थी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद कॉलेज प्रशासन के मौके पर मौजूद न होने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पंजाब के लॉ कॉलेज में सनसनीखेज वारदात: छात्रा की गोली मारकर हत्या, आरोपी छात्र ने खुद को भी मारी गोली