जगदलपुर, 11 फरवरी 2026।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित कर्मचारी पर अर्थदंड अधिरोपित किया जा सकता है। कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी अद्यतन जानकारी साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में प्रस्तुत करे।
बुधवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सम्पूर्णता अभियान के संकेतकों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अनुविभागीय दंडाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीडीएस दुकानों की निगरानी समिति का गठन कराने के निर्देश दिए। तहसीलदारों को एमआईएस एंट्री, राजस्व सर्वे, डिजिटल ब्लॉक सर्वे, खसरा सर्वे एवं अभिलेख शुद्धिकरण के कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा गया।
खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कस्टम मिलिंग चावल जमा करने, धान उठाव, चावल उत्सव, खाद्यान्न भंडारण, एफआरके भंडारण एवं ई-केवाईसी की प्रगति पर चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग से सक्षम आंगनबाड़ी, पोषण ट्रैकर के तहत वितरण, मातृ वंदना योजना, 0-6 वर्ष के बच्चों के आधार पंजीयन एवं पोर्टल एंट्री की स्थिति की जानकारी ली गई।
स्वास्थ्य विभाग को संस्थागत प्रसव बढ़ाने, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं उपचार, आभा आईडी, आयुष्मान व वय वंदना कार्ड की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु 19 फरवरी को विशेष शिविर आयोजित कर लंबित गांवों में लक्ष्य पूर्ण करने को कहा गया। नवजात शिशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण, आरसीएच पोर्टल पर प्रविष्टि तथा कोल्ड चेन के माध्यम से दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में नक्सल पुनर्वास नीति, लखपति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, पीएम सूर्य घर, सामाजिक सहायता पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड, डीएलसी प्रकरण एवं पीएम किसान सम्मान निधि में आधार सीडिंग की समीक्षा की गई। एग्रीस्टैक पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराने तथा मुनादी के माध्यम से किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने उल्लास साक्षरता अभियान के अंतर्गत असाक्षर व्यक्तियों का सर्वे कर शत-प्रतिशत साक्षर जिला बनाने का लक्ष्य तय करने को कहा। पीएम स्कूल एवं मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के निर्माण कार्यों के सत्यापन, जाति प्रमाण पत्र निर्माण में सेचुरेशन अभियान, ग्राम सभा के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज तैयार कर ऑनलाइन प्रविष्टि कराने के निर्देश भी दिए गए।
जल जीवन मिशन के कार्यों, भूमि उपलब्धता तथा आरबीसी 6-4 प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी चर्चा हुई।
आगामी 16-17 फरवरी को रोजगार कार्यालय जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय प्लेसमेंट कैम्प के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने अन्य विभागों को भी अपने-अपने योजनाओं के शिविर आयोजित करने को कहा। वहीं 18 फरवरी तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित वजन त्यौहार में 0-6 वर्ष के बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरी बालिकाओं की एनीमिया जांच सुनिश्चित करने हेतु सभी विभागों को सहयोग के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर सीपी बघेल एवं ऋषिकेश तिवारी, सहायक कलेक्टर विपिन दुबे सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
लोक सेवा गारंटी के आवेदनों का समय-सीमा में करें निराकरण, लापरवाही पर लगेगा अर्थदंड – कलेक्टर आकाश छिकारा