28अप्रैल2026
राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जोगी नगर में देर रात हुई हिंसक वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने दो नाबालिगों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें 16 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा किशोर घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, काशीराम नगर क्षेत्र के कुछ युवकों ने अचानक हमला करते हुए किशोर के गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटना के बाद जोगी नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
मृतक के परिजन और स्थानीय नागरिकों ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है.