बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: धार गैंग का सक्रिय आरोपी गिरफ्तार, 83 मामलों में था वांछित

जगदलपुर। जिला बस्तर में लगातार हो रही चोरियों के मामलों में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बस्तर पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार गैंग से जुड़े एक सक्रिय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो चोरी के सोने-चांदी को खपाने का काम करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश चौहान (40 वर्ष) निवासी ग्राम पिपलदलिया, थाना टांडा, जिला धार (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कुल 83 अपराध दर्ज हैं, जिनमें 60 स्थायी वारंट लंबित पाए गए हैं।
दो माह में धार गैंग के 5 आरोपी गिरफ्तार
बस्तर पुलिस ने विगत दो माह के भीतर धार गैंग के 5 सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इससे पहले थाना बस्तर के अपराध क्रमांक 15/2024 (धारा 457, 380, 34 भादवि) एवं अपराध क्रमांक 116/2025 (धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस) में 4 आरोपियों —
पारस अलावा उर्फ अम्लियार,
दीतू अलावा उर्फ अम्लिया,
भुवन सिंह अलावा,
पंकेश अनारे —
को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
चोरी का माल खपाने में था शामिल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के नेतृत्व में टीम गठित कर जिला धार (म.प्र.) रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने धार पहुंचकर आरोपी रमेश चौहान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह गिरफ्तार चारों आरोपियों से चोरी का सोना-चांदी लेकर उसे खपाने का काम करता था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *