3मार्च 2026
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों ने दुबई की प्रतिष्ठित इमारतों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर 828 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा को लेकर लोगों के मन में जिज्ञासा है—अगर युद्ध या हमले में इसे नुकसान होता है तो क्या इसकी भरपाई संभव है?
कितना सुरक्षित है बुर्ज खलीफा?
दुबई में स्थित बुर्ज खलीफा हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है। इसकी 124वीं, 125वीं और 148वीं मंजिल पर बने ऑब्जर्वेशन डेक से पूरे शहर और अरब की खाड़ी का अद्भुत नजारा दिखाई देता है।
यह प्रतिष्ठित इमारत रियल एस्टेट कंपनी Emaar Properties की प्रमुख संपत्तियों में शामिल है। जानकारी के मुताबिक, एमार की फ्लैगशिप प्रॉपर्टीज में आमतौर पर पॉलिटिकल हिंसा, आतंकवाद और तोड़फोड़ जैसे जोखिमों को कवर करने वाली विशेष इंश्योरेंस पॉलिसी शामिल होती है।
क्या-क्या होता है कवर?
ऐसी पॉलिसियों में आमतौर पर ये जोखिम शामिल हो सकते हैं—
आतंकवादी हमला
दंगा और सिविल अशांति
जानबूझकर किया गया नुकसान
बगावत, क्रांति या तख्तापलट
घोषित या अघोषित दुश्मनी
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस तरह की पॉलिसी स्ट्रक्चर को लगभग 1.5 बिलियन डॉलर तक का कवर देती है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मौजूदा प्रॉपर्टी इंश्योरेंस में युद्ध-जोखिम (War Risk) पूरी तरह शामिल है या नहीं।
युद्ध की स्थिति में क्या होगा?
इंश्योरेंस विशेषज्ञों के मुताबिक, मिसाइल हमले जैसे मामलों को आमतौर पर आतंकवाद या पॉलिटिकल हिंसा एक्सटेंशन के तहत देखा जाता है। लेकिन कई बीमा पॉलिसियां पूर्ण युद्ध की स्थिति को कवर से बाहर रखती हैं। ऐसे में वास्तविक नुकसान की भरपाई पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करेगी।
अलग-अलग हिस्सों का अलग बीमा
बुर्ज खलीफा में मौजूद अपार्टमेंट, होटल के इंटीरियर और ऑफिस स्पेस का बीमा उनके व्यक्तिगत मालिकों द्वारा अलग-अलग कराया जाता है। यानी किसी संभावित नुकसान की भरपाई भी अलग-अलग दावों के आधार पर तय होगी।