बिलासपुर में कट्टे की नोक पर सराफा कारोबारी से लूट — फायरिंग कर किया जानलेवा हमला, ज्वेलरी से भरा बैग लेकर फरार

बिलासपुर, 18 फरवरी 2026। शहर में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों ने फिल्मी अंदाज़ में सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए कट्टे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और ज्वेलरी शॉप संचालक के सिर पर हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद ज्वेलरी से भरा बैग और कार छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी मंगलवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजकिशोर नगर स्थित महावीर सिटी के पास बाइक और मारुति वैन से पहुंचे नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने कट्टे से फायरिंग करते हुए कार में बैठे तिवारी पर हमला कर दिया और उनके पास रखा ज्वेलरी से भरा बैग तथा कार लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद हमलावर अपनी मारुति वैन और बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।
चोरी की हो सकती है वैन और बाइक
पुलिस को आशंका है कि बदमाशों द्वारा इस्तेमाल की गई वैन और बाइक चोरी की हो सकती है। यह भी माना जा रहा है कि आरोपियों ने पहले से कारोबारी की रेकी कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल जब्त वाहनों के चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनके मालिकों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *