रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बैडमिंटन खेलते समय एक कारोबारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 57 वर्षीय अमृत बजाज रोज की तरह अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। खेल के दौरान एक शॉट मारने के बाद जैसे ही वे शटल उठाने झुके, अचानक जमीन पर गिर पड़े और दोबारा उठ नहीं सके।
मौजूद साथियों ने पहले उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
परिजनों और दोस्तों के अनुसार, अमृत बजाज नियमित रूप से खेलकूद करते थे, लेकिन वे शुगर के मरीज भी थे। उनका अंतिम संस्कार 16 फरवरी को मारवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। अचानक हुई इस मौत से परिवार और परिचितों में गहरा सदमा है।
यह घटना एक बार फिर दिल से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है। विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज बनने लगता है। जब यह अवरोध काफी ज्यादा हो जाता है तो हृदय तक रक्त पहुंचना प्रभावित होता है और अचानक पंपिंग रुकने की स्थिति हार्ट अटैक का कारण बन सकती है।
बैडमिंटन खेलते-खेलते अचानक गिरे कारोबारी, हार्ट अटैक से मौत… कोर्ट का वीडियो हुआ वायरल