इंद्रावती टाइगर रिजर्व में शिकार पर बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

नीतिकाकलेर क्षेत्र में वन विभाग की दबिश, वन्यप्राणी का मांस और शिकार सामग्री बरामद

रायपुर, 21 अगस्त 2026। इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देश पर विभाग की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नीतिकाकलेर क्षेत्र में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने वन्यप्राणी का मांस, संभावित रूप से नीलगाय का मांस तथा शिकार में इस्तेमाल की जाने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई 19 अगस्त 2026 को परिक्षेत्र पासेवाड़ा के अंतर्गत ग्राम नीतिकाकलेर क्षेत्र में की गई।

वन विभाग के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

बारिश के बीच जंगल में गश्त जारी

मानसून के दौरान लगातार बारिश, नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और कठिन आवागमन के बावजूद वन विभाग का मैदानी अमला संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त कर रहा है। विभाग का कहना है कि मजबूत सूचना तंत्र और लगातार निगरानी के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन अपराध और अवैध शिकार पर नियंत्रण के लिए सूचना तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही वन अमले को लगातार सक्रिय रखा गया है।

वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों से अपील की है कि वन अपराध, अवैध शिकार या वन्यजीवों से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी वन विभाग कार्यालय को दें।

इस कार्रवाई में इंद्रावती टाइगर रिजर्व के अधीक्षक, परिक्षेत्र अधिकारी फरसेगढ़/पासेवाड़ा, सेण्ड्रा, कुटरू बफर, कुटरू कोर और मद्देड़ बफर सहित मैदानी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *