आजमगढ़: 5सितम्ब 2026/महराजगंज थाना क्षेत्र के महावी खास गांव में 27 वर्षीय विवाहिता शिवांगी सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवाहिता के पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, शिवांगी सिंह की शुक्रवार को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतका के पिता विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की दहेज की मांग को लेकर हत्या की गई है। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
महराजगंज थाना पुलिस के अनुसार, मामले में विवाहिता के पति राहुल सिंह, ससुर वीरेंद्र सिंह और सास बालिका सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विवाहिता की मौत को लेकर मायके पक्ष द्वारा लगाए गए दहेज हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।