कवर्धा। 1सितंबर 2026/जिले के चिल्फी इलाके से लगे बरेंडीपानी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि इलाके में एक बाघ ने मवेशी का शिकार किया, जिसके बाद उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए लगाए गए कैमरा ट्रैप में बाघ की तस्वीर रिकॉर्ड हुई है। बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होते ही आसपास के ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे जंगल की ओर अकेले जाने से बचें और रात के समय विशेष सतर्कता रखें। ग्रामीणों को बाघ की गतिविधि नजर आने पर खुद उसका पीछा करने या उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन अमले को सूचना देने की अपील की गई है।
चिल्फी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति भी वन्यजीवों की आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है। यह इलाका मध्य प्रदेश के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान से जुड़े वन क्षेत्र के करीब है, जिसके चलते इस वन कॉरिडोर में बाघ और दूसरे वन्यजीवों की आवाजाही होती रहती है।
बाघ की लोकेशन और उसके मूवमेंट पर नजर रखने के लिए वन विभाग अतिरिक्त कैमरा ट्रैप लगाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही टीम द्वारा क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई गई है। विभाग का प्रयास है कि बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल वन विभाग ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील कर रहा है।