जगदलपुर के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, डोंगाघाट और कोहकापाल में भी 125 विद्यार्थियों को दी जा चुकी है सामग्री
जगदलपुर, 15अक्टूबर 2026। बस्तर जिले में आई बाढ़ ने कई परिवारों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई को भी प्रभावित किया। बाढ़ के पानी में स्कूल बैग, किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री खराब होने से विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई जारी रखने की चुनौती खड़ी हो गई। ऐसे बच्चों की मदद के लिए भाजपा के जिला आर्थिक प्रकोष्ठ ने पहल करते हुए जगदलपुर के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 62 विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक, रजिस्टर, कंपास बॉक्स, पेन, पेंसिल सहित अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री दी गई। बच्चों को बिस्किट भी वितरित किए गए। आर्थिक प्रकोष्ठ के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्यार्थियों की जरूरतों का सर्वे कर उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे पहले डोंगाघाट और कोहकापाल में लगभग 125 विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की जा चुकी है। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित बच्चों को पढ़ाई दोबारा सुचारु रूप से शुरू करने में सहयोग देना है।
अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना सेवा संकल्प का उद्देश्य : वेद प्रकाश पांडे
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि बाढ़ के कारण विद्यार्थियों की शैक्षणिक सामग्री को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक प्रकोष्ठ की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी जरूरतों के अनुरूप सहायता करना है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विद्या चरण तिवारी ने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
भाजपा प्रदेश स्थायी कार्यसमिति सदस्य रामाश्रय सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई करना कठिन होता है। हालांकि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख ने बताया कि बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों की मदद करने का निर्णय इसलिए लिया गया, ताकि शैक्षणिक सामग्री के नुकसान के कारण उनकी पढ़ाई बाधित न हो। वहीं, जिला आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक अविनाश जैन ने कहा कि बच्चों को जरूरी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक परमेश राजा ने किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में रामाश्रय सिंह, विद्या चरण तिवारी, मनीष पारख, आर्येंद्र सिंह आर्य, श्रीधर ओझा, परेश राम बेसरा, रोहित त्रिवेदी, अविनाश श्रीवास्तव, प्रकाश झा, संतोष बाजपेयी, सतीश बाजपेयी, विनय सोना, राजकुमार बोथरा, जिनेंद्र टाटिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।