बीजापुर/17/02/2026बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल 12 माओवादी स्मारकों को ध्वस्त कर दिया, साथ ही दो घातक IED भी बरामद कर मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिए।
जानकारी के अनुसार केरिपु डी/214 की टीम ने पील्लूर के जंगलों में अभियान चलाते हुए ग्राम बड़े काकलेर और पुलगुंडम के पास अलग-अलग स्थानों पर माओवादियों द्वारा बनाए गए 7 अवैध स्मारकों का पता लगाया। जवानों ने रणनीतिक तरीके से इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें स्मारकों के समीप कॉर्डेक्स वायर से भरी दो बीयर बोतल IED बरामद हुईं। यूनिट की बम निरोधक (BDD) टीम ने सतर्कता के साथ दोनों IED को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद सभी 7 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया गया।
इसी क्रम में थाना गंगालूर क्षेत्र में केरिपु 85वीं वाहिनी की टीम ने मल्लूर के जंगल में बने लगभग 12 फीट ऊंचे माओवादी स्मारक को भी ध्वस्त किया। वहीं केरिपु 222 की टीम ने पालनार के पास 3 और पेद्दाकोरमा में 1 माओवादी स्मारक को एरिया डोमिनेशन के दौरान नष्ट किया।
अधिकारियों के अनुसार माओवादियों द्वारा बनाए गए ये स्मारक केवल प्रतीकात्मक ढांचे नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से ग्रामीणों में भय और संगठनात्मक प्रभाव बनाए रखने की कोशिश की जाती है। इन संरचनाओं को हटाना माओवादी हिंसा और अवैध प्रभुत्व के खिलाफ एक सशक्त संदेश है। इससे क्षेत्र में सुरक्षा बलों की वैधानिक उपस्थिति मजबूत होती है और ग्रामीणों में विश्वास का वातावरण बनता है।
सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि माओवाद के पूर्ण उन्मूलन, क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार से हिंसा या भय का प्रतीक दोबारा स्थापित न हो सके।
जंगल में नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार : 12 माओवादी स्मारक ध्वस्त, बीयर बोतल IED भी निष्क्रिय