रायपुर, 1 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। एक ओर बस्तर और दुर्ग संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं राजधानी रायपुर में शुक्रवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
पिछले 24 घंटे में बीजापुर में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा भैरमगढ़ और औंधी में 8-8 सेंटीमीटर, सुकमा में 7 सेंटीमीटर, छोटेडोंगर में 6 सेंटीमीटर तथा बड़े बचेली, दोरनापाल और गीदम में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। राजनांदगांव, कांकेर, मानपुर, पखांजूर, दुर्गकोंदल और डोंगरगढ़ में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे कई अंदरूनी क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विदर्भ और दक्षिणी मध्य प्रदेश के ऊपर बने अवदाब तथा सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। विभाग ने शनिवार को रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
छत्तीसगढ़ में मौसम के दो रंग! बस्तर-दुर्ग में मूसलाधार बारिश, रायपुर में तेज धूप के बाद अब गरज-चमक का अलर्ट