25 हजार की घूस लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, नामांतरण के नाम पर कर रहा था वसूली

23अप्रैल 2026

सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सूरजपुर के सेंधोपारा क्षेत्र में एक पटवारी को 25 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पटवारी जमीन के नामांतरण और संबंधित रिपोर्ट तैयार करने के एवज में घूस मांग रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, मरहटा गांव निवासी रूप सिंह ने इस मामले की शिकायत ACB से की थी। उनका कहना था कि उनकी और उनकी बहन की जमीन, जिसे South Eastern Coalfields Limited (SECL) की महामाया खदान के लिए अधिग्रहित किया गया है, उसके नामांतरण और नौकरी से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने के लिए पटवारी सौरभ गोस्वामी उनसे 25 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता ने रकम कम करने की गुजारिश भी की, लेकिन पटवारी अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद परेशान होकर रूप सिंह ने ACB से संपर्क किया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद ACB ने जाल बिछाया।
बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की रकम सौंपी, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे धर दबोचा। आरोपी को हिरासत में लेकर अंबिकापुर ले जाया गया है, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक तंत्र में भी हलचल देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *