जगदलपुर, 05 अक्टूबर 2026। विकासखंड तोकापाल के बाजार स्थल में आयोजित ‘सेवा सेतु’ शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में विभिन्न मांगों और जनसमस्याओं से जुड़े 165 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका तत्काल समाधान किया गया। शिविर के जरिए ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ भी मिला।
शिविर में 8 नवीन आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि नेत्र परीक्षण के बाद 18 जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की विशेष ओपीडी में 68 मरीजों की जांच और उपचार किया गया। इस दौरान बीपी, शुगर और नेत्र परीक्षण के साथ जरूरतमंदों को दवाइयां भी दी गईं। बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
राजस्व एवं पहचान संबंधी सेवाओं के तहत खसरा-बीवन, नामांतरण और ऋण पुस्तिका की द्वितीय प्रति उपलब्ध कराई गई। स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबत्ती भण्डारी, उपाध्यक्ष रितेश जोशी, जिला पंचायत सदस्य कामदेव बघेल एवं पदमिनी कश्यप, एसडीएम सतेंद्र बंजारे, जनपद पंचायत सीईओ नीलू तिर्की सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।