जगदलपुर। 27सितंबर 2026/चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जगदलपुर शहर और बस्तर जिले के कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद नदी तटीय और निचले इलाकों में पुलिस एवं प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
स्थिति को देखते हुए बस्तर पुलिस पिछले दो दिनों से 24 घंटे राहत एवं बचाव अभियान चला रही है। एसडीआरएफ, डीआरजी, थाना-चौकी बल और विशेष रेस्क्यू टीमों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। गोरिया बहार नाला, छेपड़ा गुड़ा, डोंगाघाट, तामाकुनी, आसना, धरमपुरा, पत्थरागुड़ा, पन्हारपारा, महादेव घाट, खड़क घाट, पुराना पुल और नगरनार समेत कई क्षेत्रों में बचाव दल सक्रिय हैं।
डोंगाघाट में अब तक 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं नगरनार क्षेत्र में बोड़ना नदी के बाढ़ के पानी में फंसे करीब 40 लोगों को नाव की मदद से सुरक्षित निकालकर राहत शिविर पहुंचाया गया। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का सिलसिला जारी है।
जिला प्रशासन के राहत शिविरों में प्रभावित नागरिकों के लिए भोजन, पेयजल, ठहरने और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पुलिस की टीमें जलमग्न सड़कों, पुल-पुलियों और नदी-नालों के आसपास बैरिकेडिंग और पेट्रोलिंग कर लोगों को जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोक रही हैं।
बस्तर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उफनती नदी-नालों और जलमग्न सड़कों को पार करने का जोखिम न लें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।