जगदलपुर, 27 सितंबर 2026। बस्तर संभाग में लगातार बारिश और बाढ़ के बीच कमिश्नर डोमन सिंह ने रविवार को जगदलपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनके ठहरने, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
कमिश्नर ने तामाकोनी प्राथमिक शाला भवन, शहीद भगतसिंह स्कूल और नगरनार माध्यमिक शाला भवन में बनाए गए राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बड़े और पर्याप्त स्थान वाले परिसरों में राहत शिविर संचालित करने तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन और पेयजल की नियमित उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने राहत शिविरों में चिकित्सा दल की नियमित मौजूदगी, प्रभावितों के स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाढ़ के बाद दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की आशंका को देखते हुए हैंडपंप, नल-जल योजना और अन्य पेयजल स्रोतों के जल परीक्षण, क्लोरीनेशन और शुद्धीकरण पर विशेष जोर दिया।
कमिश्नर ने बाढ़ प्रभावित बस्तर, सुकमा, बीजापुर सहित अन्य जिलों में जनहानि, मकान, फसल और मवेशियों को हुई क्षति का संवेदनशीलता के साथ सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के साथ नियमानुसार सहायता और पुनर्वास के लिए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजे जाएं।
इसके अलावा उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों की तत्काल मरम्मत और आवश्यकता पड़ने पर विद्युत प्रवाह बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, स्वास्थ्य जागरूकता और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विभागों को आपसी समन्वय से लगातार निगरानी रखने को कहा।