पूर्व बर्धमान: 22अगस्त 2026/पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि बर्तन धोने नदी किनारे गई 37 वर्षीय गृहवधू के साथ एक युवक ने अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे नदी के पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना नदनघाट थाना क्षेत्र के नसरतपुर पंचायत अंतर्गत चाई-कालितला इलाके की बताई जा रही है। मृतका की पहचान तापसी सामंत के रूप में हुई है।
पूजा में शामिल होने आया था आरोपी
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम तापसी सामंत बर्तन धोने के लिए नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान इलाके में मनसा पूजा में शामिल होने आए वासुदेव मन्ना ने कथित तौर पर उनके साथ अश्लील हरकत की और जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें नदी के पानी में डुबो दिया।
बच्चे ने देखी पूरी घटना
घटना के दौरान एक स्थानीय बच्चा मौके पर मौजूद था। उसने कथित तौर पर पूरी घटना देखी और अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
नदनघाट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को आरोपी को कालना अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।