16अगस्त 2026/
कानपुर। अनवरगंज के आलम मार्केट में एक व्यापारी के जन्मदिन पर घोषित “16 मिनट में 16 रुपये में कपड़े” का ऑफर लोगों के लिए इतना आकर्षण बन गया कि स्वतंत्रता दिवस की रात दुकान के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते सड़क और चौराहा जाम हो गया और पुलिस को मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा।
कपड़ा व्यापारी रईस आलम का 16 अगस्त को जन्मदिन है। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी आलम्स मार्ट दुकान के लिए ऑफर प्रचारित किया था। इसमें 15 अगस्त की रात 11:59 बजे के बाद सिर्फ 16 मिनट तक कपड़े 16 रुपये में देने की बात कही गई थी।
ऑफर की जानकारी फैलते ही देर रात सैकड़ों लोग दुकान के बाहर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने के कारण यातायात प्रभावित होने लगा। स्थिति को देखते हुए दुकान बंद कर दी गई, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर एसीपी अनवरगंज और थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हटाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक भीड़ को समझाकर हटाया गया और किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया। हालांकि, मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बनने से कई लोग गिरकर चुटहिल हो गए और कुछ लोगों की चप्पलें भी वहीं छूट गईं।
एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि 16 मिनट में 16 रुपये के ऑफर के कारण बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। मामले के तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यानी जन्मदिन का ऑफर व्यापारी के लिए प्रचार का जरिया बना, लेकिन 16 रुपये की सेल ने रात में ही पूरे इलाके की व्यवस्था जरूर बिगाड़ दी।