पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की TMC कार्यालय में मौत, फंदे से लटका मिला शव; सुसाइड नोट बरामद

16अगस्त 2026/

रामपुरहाट: पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। पुलिस के मुताबिक, उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रह चुके थे। ममता बनर्जी सरकार में उन्होंने डिप्टी स्पीकर के अलावा शिक्षा और कृषि मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2 जून को उन्होंने TMC के बीरभूम जिला अध्यक्ष और जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने उस समय कहा था कि कोर कमेटी निष्क्रिय हो गई थी और अब वह पार्टी के सामान्य सदस्य के रूप में काम करेंगे।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आशीष बनर्जी के निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में TMC कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी कार्यालय के बाहर जुट गए। इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा बरामद सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *