24 घंटे में मिला लापता मासूम: दंतेवाड़ा पुलिस ने जगदलपुर से सकुशल खोजकर परिवार को सौंपा

दंतेवाड़ा, 26 जुलाई 2026। दंतेवाड़ा पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए 10 वर्षीय गुमशुदा बालक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल खोज निकाला। बालक को जगदलपुर रेलवे स्टेशन के पास से दस्तयाब कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की एक महिला ने 23 जुलाई को अपने 10 वर्षीय पुत्र के गुम होने की सूचना पुलिस को दी थी। बालक बीजापुर स्थित छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता है और छात्रावास जाने की तैयारी में था। सुबह घर पर मौजूद बालक बाद में अचानक लापता हो गया। परिजनों ने आसपास और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। सोशल मीडिया के जरिए बालक की जानकारी प्रसारित की गई, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

तलाश के दौरान सूचना मिली कि जगदलपुर रेलवे स्टेशन के समीप एक बालक मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जगदलपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बालक की पहचान कर उसे सकुशल बरामद कर लिया। बाद में बालक को दंतेवाड़ा लाकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के गुम होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *