बस्तर को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी उम्मीद: रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन पर दोनों छोर से काम शुरू करने की मांग

जगदलपुर, 26 जुलाई 2026। बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं बस्तर रेल आंदोलन के प्रतिनिधिमंडल ने रावघाट–जगदलपुर रेल लाइन परियोजना को गति देने की मांग उठाई है। चेंबर अध्यक्ष श्याम सोमानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर सांसद महेश कश्यप को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपकर रेल लाइन निर्माण कार्य दोनों ओर से एक साथ शुरू कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि रावघाट–जगदलपुर नई रेल लाइन बस्तर के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आवागमन को नई गति मिलेगी। इसलिए निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए रावघाट और जगदलपुर दोनों छोर से एक साथ काम शुरू किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि आगामी 22 अक्टूबर को बस्तर दशहरा के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बस्तर आमंत्रित किया जाए और उनके हाथों रावघाट–जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना का भूमिपूजन कराया जाए।

इसके अलावा अमृत स्टेशन योजना के तहत जगदलपुर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और विकास कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई गई। चेंबर पदाधिकारियों का कहना है कि रेल परियोजना पूरी होने से बस्तर की आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बल मिलेगा और क्षेत्र की जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *