गरियाबंद में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका: मैनपुर जंगल से 46 लाख नकद और हथियार बरामद

गरियाबंद, 28 फरवरी 2026। जिले के थाना मैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बडेगोबरा के सांपसाटी जंगल/पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के एक बड़े डम्प का खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई में 46 लाख रुपये से अधिक नकदी, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
यह अभियान जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम और डीआरजी धमतरी द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया। सघन सर्चिंग के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री को जब्त किया गया।
बरामद सामान में बड़ी मात्रा में नगद राशि के साथ हथियार, संचार उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री शामिल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इनका उपयोग नक्सली गतिविधियों में किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क की आर्थिक और लॉजिस्टिक व्यवस्था को बड़ा नुकसान पहुंचा है। इलाके में सुरक्षा बलों की सर्चिंग जारी है और अन्य संभावित ठिकानों की तलाश की जा रही है।
लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के बीच यह सफलता सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *