नागपुर की विस्फोटक फैक्ट्री में महाविस्फोट, 15 की मौत… कई जिंदगी मौत से जूझ रही

नागपुर, 1 मार्च 2026।
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया। SBL Energy Limited के कारखाने में हुए भीषण विस्फोट में 15 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना राउलगांव स्थित कंपनी की यूनिट में सुबह लगभग 6 से 7 बजे के बीच हुई। उस समय यूनिट में करीब 25 से 30 कर्मचारी काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोटक निर्माण की प्रक्रिया के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसमान में काला धुआं छा गया।
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की है। घायलों को तत्काल नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में कुछ मजदूरों के फंसे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट संभवतः तकनीकी गड़बड़ी या सुरक्षा मानकों में चूक के कारण हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *