बागेश्वर धाम से लौटते वक्त हादसा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव की कार ट्रक से टकराई, कमर में गंभीर चोट

यूपी के ललितपुर में NH-44 पर हुआ हादसा, परिवार सुरक्षित; झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज


29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में किरण देव की कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तत्काल झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है और प्रारंभिक जांच में किसी फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक किरण सिंह देव परिवार के साथ बागेश्वर धाम, ओरछा के राजा राम मंदिर और दतिया स्थित मां पीतांबरा मंदिर के दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव, बेटी आयुषी, पीएसओ, पीए और चालक भी मौजूद थे। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं, जबकि चालक समेत कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही झांसी जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। किरण सिंह देव के इलाज के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगाई गई है। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें बाहरी चोट नहीं है, लेकिन कमर और पैर में अंदरूनी चोटें हैं तथा एहतियातन सीटी स्कैन सहित अन्य जांचें कराई जा रही हैं।
घटना की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में चिंता की लहर दौड़ गई। प्रदेशभर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *