बस्तर में बाढ़ के बीच 6 माह की बच्ची समेत 5 लोगों का रेस्क्यू, 2 घंटे चला बचाव अभियान

जगदलपुर, 29 सितंबर 2026। बस्तर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पुलिस का राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। पिछले तीन दिनों में पुलिस ने सैकड़ों बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। इसी अभियान के तहत बालिकोंटा में वाटर प्लांट के पास बाढ़ में फंसे 6 माह की बच्ची समेत 5 लोगों को करीब 2 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर की रात थाना फ्रेजरपुर (परपा) पुलिस को ग्राम बालिकोंटा स्थित वाटर प्लांट में पांच लोगों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर और एसडीओपी केशलूर लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी परपा भोला सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई शुरू की।

परपा पुलिस ने मौके पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 2 घंटे तक चले बचाव अभियान में 2 पुरुष, 2 महिलाएं और 6 माह की बच्ची समेत सभी 5 लोगों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बस्तर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *